जमशेदपुर: जमशेदपुर के आजादनगर निवासी इरशाद आलम के साथ उसके ही पिकअप वाहन के ड्राइवर चाइना राजू ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की. घटना का कारण गाड़ी से बैटरी चोरी और बकाया किराया बताया जा रहा है. इरशाद आलम ने बताया कि वह एक पिकअप वाहन का मालिक है, जिसे 10 हजार मासिक किराये पर ड्राइवर चाइना राजू को चलाने के लिए दिया गया था. जब एक महीने से किराया न मिलने और बैटरी चोरी होने को लेकर वाहन मालिक ने ड्राइवर से पूछताछ की, तो ड्राइवर ने पारडीह चौक के पास बुलाकर उस पर हमला कर दिया. घटना के दौरान चाइना राजू अपने साथियों के साथ मौजूद था. आरोप है कि उन्होंने इरशाद को घेरकर पीटा और उसके कान पर बांस जैसी चीज़ से वार किया. घटना की जानकारी घायल के एक साथ मोहम्मद मुराद खान ने दी. इरशाद आलम ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत आजादनगर थाना में दर्ज करवाई है. फिलहाल घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है.



