जादूगोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले की जादूगोड़ा को जमशेदपुर से जोड़ने वाली मुख्य सड़क स्थित गोंडाडीह में स्वर्णरेखा परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन पुलिया चार सालों से अधूरी पड़ी हुई है. इधर लगातार हो रही बरसात के कारण कई वाहन फंस गए, जिससे जादूगोड़ा-सुंदरनगर मुख्य मार्ग में जाम की स्थिति बनी रही, जिसमें कई माल लदे वाहन फंस गए. गोड़ाडीह पुलिया पर काफी देर तक जाम लगा रहा. कई लोग रूट बदलकर जमशेपुर पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)

इस बाबत स्थानीय भाजपा नेता अशोक दास ने बताया कि वर्ष 1984 में स्वर्णरेखा परियोजना के तहत इस पुलिया का निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन पुलिया आज तक अधूरी है. इसके कारण यह पुलिया जानलेवा बनी हुई है. सड़क पर कई बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनकी सुधि लेनेवाला कोई नहीं है. जबकि हकीकत यह है कि इस सड़क से जिले के उपायुक्त, सांसद, विधायक क्षेत्र के मंत्री रोजाना जानलेवा पुलिया से ईश्वर को नमन करते हुए गुजरते हैं, लेकिन इस पुलिया विवाद को आज तक झारखंड सरकार पूरा नहीं करा पाई है. (नीचे भी पढ़ें)
इसकी वजह से इस पुलिया पर रोजाना मालवाहक वाहनों से लेकर यात्री वाहन तक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. भाजपा नेता ने बताया कि इस पुलिया के निर्माण को लेकर कई बार आंदोलन भी किया गया, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा. अब देखना है कि स्वर्णरेखा परियोजना के तहत बन रही है यह पुलिया कब तक पूरी होती है. जिले के सांसद विद्युत वरण महतो व विधायक मंगल कालिंदी रैयतों से बात कर मामले को कब तक सुलझाते हैं,या यूं ही यह मुख्य सड़क लोगों के लिए जानलेवा बनी रहेगी.



