रांची : सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू), झारखंड राज्य कमेटी के अध्यक्ष और सीटू के पूर्व अखिल भारतीय जनरल काउंसिल सदस्य कॉमरेड मिथिलेश सिंह का निधन हो गया. मिथिलेश सिंह लंबे समय से बीमार थे और उनकी स्वास्थ्य की स्थिति बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शुक्रवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली. वे 71 वर्ष के थे. मिथिलेश सिंह कम उम्र में ही ट्रेड यूनियन आंदोलन में शामिल हो गए थे और वामपंथी विचारधारा के प्रबल समर्थक थे तथा कॉमरेड एके रॉय के अनुयायी थे. उन्होंने अविभाजित बिहार, विशेष रूप से वर्तमान उत्तरी छोटानागपुर के बड़े क्षेत्रों में, कोयला श्रमिकों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के असंगठित श्रमिकों को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कॉमरेड मिथिलेश, अस्वस्थता के बावजूद, ट्रेड यूनियन आंदोलन में तब तक सक्रिय रहे जब तक कि वे गंभीर रूप से बीमार नहीं पड़ गए. (नीचे भी पढ़ें)
मिथिलेश सिंह के निधन से, ट्रेड यूनियन आंदोलन ने एक वरिष्ठ ,लोकप्रिय, अग्रिम पंक्ति के अनुभवी नेता को खो दिया है. यह एक बड़ी क्षति है. सीटू, मिथिलेश सिंह के निधन पर उनके शोक संतप्त परिवारजनों और साथियों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त किया है. उनकी मृत्यु का सामाचार मिलते ही सीटू के उपाध्यक्ष और सीपीएम के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव, सीटू कोषाध्यक्ष अनिर्बान बोस और सीटू के राज्य कमिटी सदस्य समीर दास और अमल आजाद उनके आवास पर गिद्दी रवाना हो गए हैं.



