जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा बस्ती में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लकी प्रसाद के घर में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने घर के अंदर रखे सामानों को अपनी जद में ले लिया और आसपास धुआं फैल गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, लेकिन शुरुआती समय में अग्निशमन विभाग की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीय (नीचे भी पढ़ें)

बताया जाता है कि बस्ती की संकरी गलियों और मौके पर उमड़ी भारी भीड़ के कारण फायर ब्रिगेड को पहुंचने में काफी कठिनाई हुई. इस बीच स्थानीय युवकों और बस्तीवासियों ने बाल्टी, पाइप और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. लोगों की तत्परता से आग को फैलने से रोका गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. (नीचे भी पढ़ें)
आग लगने से घर में रखा टीवी, फ्रिज, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए. पीड़ित परिवार के अनुसार सामानों के साथ ही नगद 4 से 5 हजार रुपयों सहित लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है. घटना के बाद परिवार के सदस्य सदमे में हैं और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है पुलिस मामले की जांच में जुटी है.







