जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के साकची आमबगान क्षेत्र स्थित एसएस इन्फोटेक करियर पॉइंट नामक कोचिंग सेंटर के द्वारा ग्रामीण विद्यार्थियों से पैसों की ठगी किये जाने का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. इसको लेकर आक्रोशित प्रभावित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने कोचिंग सेंटर पहुंच कर खूब हंगामा किया. इस दौरान कोचिंग सेंटर का कोई अधिकारी सामने नहीं आया. विद्यार्थियों ने बताया कि छात्रवृत्ति के आधार पर कंप्यूटर सिखाने के नाम पर उनके खाते से 3100 रुपये निकाल लिये गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

छात्रों के अनुसार पैसों के बारे में उन्हें न तो पहले कुछ बताया गया और न ही खातों से पैसे निकालने की जानकारी ही उन्हें दी गई. संस्थान की कथित धोखाधड़ी एवं ठगी के शिकार कई छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने गुरुवार को एसएस इन्फोटेक करियर पॉइंट पहुंच कर वहां हंगामा किया. वहीं दूसरी ओर इस मामले की जानकारी मिलने पर पहुंचे बिरसा सेना के नेता दिनकर कच्छप ने सरकार से संस्थान द्वारा धोखा देकर काटे गये बच्चों के पैसे अविलंब लौटाने एवं संस्थान को बंद कराने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
डुमरिया व बोड़ाम प्रखंड क्षेत्र के कई पीड़ित विद्यार्थी व उनके अभिभावक गुरुवार को साकची आमबगान के सना कॉम्प्लेक्स स्थित एसएस इन्फोटेक करियर पॉइंट पहुंचे एवं धोखे में रख कर उनके खातों से पैसे निकाल लिये जाने का आरोप लगाते हुए संस्थान के पदाधिकारियों से बात कराने की मांग शुरू कर दी. वहां कार्यरत संस्थान के कर्मचारियों ने उन लोगों को पदाधिकारी आधे घंटे में आयेंगे, एक घंटे में आयेंगे कहकर टरकाने का प्रयास करने लगे, जिससे आक्रोशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
काफी देर तक संस्थान के पदाधिकारियों के वहां नहीं पहुंचने पर विद्यार्थी और आक्रोशित हो गए. इसी बीच कहीं से सूचना पाकर बिरसा सेना के दिनकर कच्छप वहां पहुंच गए और विद्यार्थियों के खातों से निकाले गए पैसे तत्काल वापस करने एवं संस्थान को बंद कराए जाने की मांग करने लगे. दिनकर ने कहा कि वे इस संबंध में डीसी को भी ज्ञापन सौंप कर संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
प्रभावित विद्यार्थियों ने बताया कि संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा उन्हें स्कॉलरशिप के तहत कंप्यूटर सिखाने का ऑफर देकर बुलाया गया एवं फॉर्म भरवाने के बाद उनके फिंगर प्रिंट लिये गये. लेकिन इसके बाद बिना बताये उनके खातों से 3100 रुपये निकाल लिये गये. उन्होंने बताया कि पहले उनको मुफ्त कंप्यूटर की शिक्षा दिये जाने की बात कही गई थी, लेकिन अब बिना बताये उनके खातों से पैसे निकाल लिये गये हैं.














