आदित्यपुर : आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर गुरुवार को सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बीडीओ अभय कुमार द्विवेदी एवं थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की. बैठक में शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने का निर्णय लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र में कुल 11 लाइसेंसी और 3 गैर लाइसेंसी अखाड़े हैं. सभी के रूट निर्धारित हैं. प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने क्षेत्र के लोगों से आपसी भाईचारे और सौहादपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि गम्हरिया प्रखंड आकांक्षी प्रखंड के रूप में चयनित हुआ है और इसमें बेहतर तरीके से काम हो रहा है. उन्होंने क्षेत्र के लोगों से हर संभव सहयोग करने की अपील की. वहीं उन्होंने सोशल मीडिया का दुरुपयोग न करने एवं किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना की जानकारी पुलिस-प्रशासन को देने की अपील भी आम लोगों से की. थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शांति समिति की बैठक में सौहादपूर्ण तरीके से ईद, सरहुल और रामनवमी मनाने का निर्णय लिया गया है. विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है. किसी तरह की अशांति फैलानेवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. बैठक के दौरान कई प्रस्ताव भी आए जिनपर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को समय पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.














