
जमशेदपुर : जमशेदपुर में फर्जी डॉक्यूमेंट के आधार पर फाइनेंस कंपनियों को चूना लगाने वाले दो लोगों को शुक्रवार को एचडीबी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने शुक्रवार की रात साकची स्थित विजय इलेक्ट्रॉनिक दुकान से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने इनके पास अलग अलग नाम के कई फर्जी कागजात बरामद किए है. पूछताछ में दोनों ने अपना नाम राजीव रंजन और अनिल कुमार बताया है. हालाकिं पुलिस को शक है कि दोनों अपना असली नाम नहीं बता रहे है.

घटना की जानकारी देते हुए एचडीबी फाइनेंस कंपनी के सेल्स मैनेजर मृत्युंजय सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक उनकी कंपनी से फर्जी कागजात के आधार पर कई बार फाइनेंस करवा चुके है. यह लोग अलग-अलग दुकानों में जाकर अलग-अलग आइडी का इस्तेमाल करते है. अब तक दोनों साकची, गोलमुरी व अन्य इलाके के दुकान से मोबाइल, टीवी व अन्य इलेक्ट्रॉनिक आइटम फाइनेंस करवा चुके है.
फाइनेंस कराने के बाद इन लोगों ने एक भी क़िस्त नही भरा. शुक्रवार की शाम को फिर से दोनों युवक साकची शर्मा मार्केट स्थित विजय इलेक्ट्रॉनिक में मोबाइल फाइनेंस कराने पहुंचे. कागजात देखने के बाद वहां मौजूद फाइनेंसकर्मी ने दोनों को पहचान लिया और इसकी सूचना अपने अधिकारियों को दे दी. इसके बाद कंपनी के सभी कर्मचारी वहां पहुंच गए और दोनों को धर दबोचा. फिलहाल पुलिस पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है.








