
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो मुंशी मोहल्ला के नजरिया स्कूल के पास टेबल लगाकर मोहम्मद शाहनवाज और उसके दो साथियों द्वारा ऑनलाइन राशन कार्ड अप्लाई करने के लिए आइडी लिया जा रहा था. साथ ही डेढ़ सौ प्रति व्यक्ति रुपया वसूली किया जा रहा था. यह मामला मंगलवार से चल रहा था. लोगों ने इसकी शिकायत भाजपा नेता विकास सिंह से आकर की और कहा कि राशन कार्ड बनवाने के नाम पर 150 रुपए वसूला जा रहा है और प्रमाण के तौर में कुछ नहीं दिया जा रहा है. सूचना मिलते ही भाजपा नेता विकास सिंह दल बल के साथ वहां पहुंचे और पैसा वसूलने वाले युवकों से इस संदर्भ में पूछा तो उन्होंने बताया कि उनको राशनिंग विभाग से आदेश निर्गत हुआ है. उन्होंने तत्काल यहां के मार्केटिंग ऑफिसर संतोष कुमार से दूरभाष में संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ भी विभाग द्वारा तय नहीं किया गया है. यह लोग फर्जी है. जब संतोष से भाजपा नेता विकास सिंह ने बात शाहनवाज से करवाई तो माफी मांगने लगा और कार्रवाई ना करने के लिए कहने लगा. कड़ी फटकार और हंगामा के बाद उसने लोगों का पैसा लौटाया. विकास सिंह ने कहा कि वे लोग इस मामले को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपेंगे.





