सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगु स्थित सहारबेड़ा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एक अज्ञात ट्रक ने तेज रफ्तार से बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, घायलों की पहचान साधन गोप सुनील महाली और कृष्णा गोप के रूप में हुई है. ये सभी कादरबेड़ा के निवासी थे और हारूडीह मेले से घर लौट रहे थे. घटना शुक्रवार देर शाम की है. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर साधन गोप और सुनील महाली को टीएमएच अस्पताल रेफर कर दिया गया. इधर एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान 18 वर्षीय कृष्णा गोप की मौत हो गई.
घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अज्ञात ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.




