जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में अब बकरी चोरी की घटनाएं भी नए तरीके से सामने आने लगी हैं. शुक्रवार को गोविंदपुर थाना क्षेत्र में कार से बकरियां चोरी कर ले जाने का एक मामला प्रकाश में आया है. हालांकि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने कार और चोरी की गई छह बकरियों को बरामद कर लिया है. इस घटना के बाद बकरी पालकों को अधिक सतर्क और सावधान रहने की जरूरत महसूस की जा रही है. मामले के संबंध में टेल्को थाना क्षेत्र के खड़ंगाझार ज्योतिनगर की रहने वाली बिथु रानी ने गोविंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज मामले में कार के नंबर के आधार पर चालक सहित तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस अब वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है. (नीचे भी पढे़ं)
बताया गया है कि गोविंदपुर साउथ गेट के पास सड़क किनारे खड़े एक हाईवा में तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार की डिक्की अचानक खुल गई. डिक्की खुलते ही उसमें रखी छह बकरियां जीवित अवस्था में बाहर दिखाई देने लगीं. यह देखकर आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ कि बकरियों को चोरी कर ले जाया जा रहा था. घटना के बाद कार सवार लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में लेकर उसमें मौजूद छह बकरियों को बरामद कर लिया. बाद में जांच के दौरान बकरियों की पहचान होने पर उन्हें मालिक को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा. वहीं इस घटना ने शहर के बकरी पालकों के बीच चिंता बढ़ा दी है और उन्हें अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.







