जमशेदपुर : जमशेदपुर के खासमहल सदर अस्पताल की आधुनिक रसोई इन दिनों अव्यवस्था की तस्वीर पेश कर रही है. अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए तैयार होने वाला भोजन एलपीजी गैस के बजाय अब लकड़ी और कोयले के चूल्हे पर बनाया जा रहा है. गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने के कारण वेंडर को मजबूरन यह वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी है, जिससे अस्पताल प्रबंधन की तैयारी और आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. अस्पताल में भोजन आपूर्ति का जिम्मा संभाल रहे वेंडर ओंकार नाथ ने बताया कि पिछले दो दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो पाई है. गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने से रसोई का काम ठप होने की स्थिति बन गई थी. उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर भोजन उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है, इसलिए गैस नहीं मिलने की स्थिति में अस्पताल के पीछे लकड़ी और कोयले के चूल्हे पर खाना बनाने की व्यवस्था की गई है. (नीचे भी पढे़ं)

वेंडर के अनुसार इस स्थिति की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दे दी गई है. हालांकि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर लकड़ी और कोयले के धुएं में भोजन पकाया जाना स्वास्थ्य मानकों के लिहाज से चिंताजनक माना जा रहा है. धुएं से रसोइयों को परेशानी हो रही है और इसकी गंध आसपास के वार्डों तक पहुंचने की आशंका भी जताई जा रही है. स्थानीय लोगों ने जल्द गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग की है.







