सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के पाथरडीह में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. टाटा–पुरुलिया मुख्य मार्ग पर रसोई गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया. गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर अधिक यातायात नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. जानकारी के अनुसार ट्रक गम्हरिया थाना मोड़ स्थित इंडेन गैस फिलिंग सेंटर से करीब 360 रसोई गैस सिलेंडर लोड कर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला स्थित कोटशिला की ओर जा रहा था. सुबह करीब पाथरडीह एफडीआई गोदाम के समीप चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रक सड़क से उतरकर पास के खेत में पलट गया. (नीचे भी पढ़ें)

हादसे में ट्रक चालक सुकुमार सिंह बाल-बाल बच गए. उन्होंने बताया कि वे देर रात भोजन करने के बाद पाथरडीह के पास ही कुछ देर विश्राम के लिए रुके थे. सुबह दोबारा यात्रा शुरू करते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते ट्रक खेत में जा गिरा. घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक के पलटने की सूचना से कुछ समय के लिए आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया. हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की सतर्कता से किसी प्रकार की गैस रिसाव या विस्फोट जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस की निगरानी में क्रेन मंगाकर पलटे हुए ट्रक को सीधा करने का प्रयास किया गया. इसके साथ ही सिलेंडरों को सावधानीपूर्वक निकालकर दूसरे वाहन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई. अधिकारियों ने बताया कि सभी सिलेंडर सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. घटना के कारण कुछ देर तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.







