जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह के हलुदबनी इलाके में मंगलवार को उस वक्त हडकंप मच गया, जब एक पेड़ बिजली के खंभे पर गिर गया. इससे बड़े धमाके के साथ सैकड़ों घरों की बिजली गुल हो गयी. लोग धमाका सुनकर अपने-अपने घरों से निकल कर बाहर आ गए. काफी पता करने पर मालूम पड़ा कि पटेल भवन में लगे विशाल पेड़ों को काटते वक्त एक पेड़ की बड़ी शाखा हाईटेंशन बिजली के पोल पर गिर गयी है, जिससे खंभा और बिजली के तार टूटकर सड़क पर गिर गए. गनीमत रही कि उस वक्त सड़क से कोई नहीं गुजर रहा था, वरना एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार पटेल भवन के मालिक रामशरण प्रसाद ने अपने भवन में लगे चार विशाल वृक्षों को कटवाने के लिए मजदूरों को बुलाया था. पेड़ काटते वक्त एक बड़ी शाखा बिजली के पोल से टकरा गयी, जिससे पोल और तार सड़क पर गिर पड़े. इस घटना के कारण करीब 800 घरों में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गयी. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना मकान मालिक की लापरवाही के कारण हुई है. उनका आरोप है कि जब बिजली बहाल होगी, तब यह साफ होगा कि किसके घर में कितना नुकसान हुआ है. लोगों ने राहत की सांस ली कि किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन अब वे यह जानना चाहते हैं कि यह पेड़ काटने का आदेश किसने दिया था और इस घटना की जांच की जाए.



