
जमशेदपुर : जमशेदपुर के करनडीह मुख्य चौक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जमशेदपुर प्रखंड कमेटी ने पेट्रोल व डीजल के मूल्य में वृद्दि व बढ़ती महंगाई को लेकर आक्रोश रैली निकाली गयी. इसमें मूल्य वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गयी. तत्पश्चात करनडीह चौक पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्र सरकार का दहन किया गया. मोर्चा की ओर से बताया गया कि बढ़ती महंगाई को लेकर जमशेदपुर प्रखंड क्षेत्र के लोगों में मोदी सरकार के खिलाफ रोष है. लोगों का कहना है कि अच्छे दिनों का दावा करने वाले सब्जी, दाल, आलू, प्याज व डीजल-पेट्रोल के दाम तो कम कर नहीं सके, फिर अच्छे दिन की बात कौन करे. पेट्रोल के मूल्य बढ़ने से आम आदमी ही प्रभावित होता है. पूंजीपतियों पर डीजल-पेट्रोल की मूल्य वृद्धि से कोई असर नहीं पड़ता. परंतु दोपहिया वाहनों से सफर करने वाले आम आदमी और किसानों पर इसका सबसे अधिक प्रभाव पड़ रहा है. पहले से ही बढ़ती महंगाई के कारण लोगों के लिए जीवन-यापन मुश्किल हो रहा है. ऐसे में पेट्रोल और डीजल के मूल्य में वृद्धि से उन पर अधिक भार पड़ने लगा है. इस दौरान झामुमो के देवजीत मुखर्जी, बहादुर किस्कू, मनोज नहा, शेखर टुडू, राजु सामंत, मास्टर सनत मंडल, बाबू कालिंदी, अनिल मुंडा, प्रदीप ढाली, बबलू महतो, जय राम महतो, दीपक पाल, निजाम खान, अमर जीत सिंह, पिंटू तिर्की समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.




