जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत ईदगाह मैदान में नशे के खिलाफ अभियान चलाया गया. पूरे शहर में जिस तरह से अपराध का ग्राफ बढ़ा है उसके पीछे नशा मुख्य कारणों में से एक है. पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाकर नशे के कारोबारियों पर दबाव बनाया जा रहा है. समाज के लोगों को इस तरह के अभियान से जोड़कर पुलिस प्रशासन नशे को जड़ से उखाड़ फेंकने की कोशिश कर रहा है. इसी क्रम में जुगसलाई थाना अंतर्गत ईदगाह मैदान से समाज सुधार कमेटी और जुगसलाई थाना प्रभारी कुणाल कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से पूरे जुगसलाई क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया गया. इस दौरान लोगों को नशा के विरुद्ध जागरूक करने का प्रयास किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
अभियान की जानकारी देते हुए जुगसलाई थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने बताया कि युवा पीढ़ी नशे की जद में आकर लगातार आपराधिक घटनाओं में संलिप्त हो रही है. नशे के चलते कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं. ऐसे में जुगसलाई समाज सुधार कमेटी का निर्माण कर जुगसलाई क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक लोगों को जागरूक करने का विशेष अभियान चला रहे हैं. इस अभियान में जुगसलाई थाना भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर रहा है. इतना ही नहीं उन्होंने बताया कि नशे से संबंधित या फिर किसी भी अपराध से संबंधित सूचना जुगसलाई पुलिस को निडर होकर दी जा सकती है. पुलिस सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखेगी. उन्होंने कहा नशे को जड़ से उखाड़ फेंकना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है. इस दौरान थाना प्रभारी कुणाल कुमार के साथ मोहम्मद सुबैत, अब्बास अंसारी, राहत हुसैन, मौलाना मतुल्ला, बशारत हुसैन, परवेज अख्तर मुख्य रूप से मौजूद थे.















