गिरिडीह : गिरिडीह सदर प्रखंड की मोहनपुर पंचायत के लाभुक कार्ड धारियों को डीलर के द्वारा अंगूठा लगवाने के बाद भी दिसंबर माह का राशन नहीं दिये जाने की शिकायत पर गिरिडीह जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मो हसनैन अली ने उक्त डीलर के गोदाम पहुंचकर निरीक्षण किया. इसमें स्थानीय कार्डधारियों ने बताया कि डीलर द्वारा हर कार्ड पर 3 से 4 किलो राशन की कटौती कर ली जाती है और कई बार दौड़ाने के बाद ही राशन दिया जाता है. यही नहीं, कुछ बोलने पर डीलर दुर्व्यवहार भी किया जाता है. लाभुकों ने बताया कि नवंबर के बाद सीधे जनवरी का राशन दिया जा रहा है और पूछने पर डीलर का कहना है कि सरकार ने ही दिसंबर का राशन नहीं भेजा है. (नीचे भी पढ़ें)
जिला अध्यक्ष हसनैन अली ने बताया कि विगत कई दिनों से ग्रामीण डीलर की शिकायत कर रहे थे, जिसकी जांच के लिए वे आज डीलर के गोदाम पहुंचे. उन्होंने बताया कि कार्ड धारियों ने हर कार्ड पर 3 से 4 किलो अनाज की कटौती किये जाने एवं समय से राशन नहीं दिये जाने की भी शिकायत की है. लाभुकों ने डबल अंगूठा लगवाकर 1 महीने का राशन दिये जाने की भी शिकायत की है. इस स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के लिए राशन मुहैया कराती है, लेकिन विभाग की मिलीभगत से डीलर घोटाला कर उनका हक मार लेता है. उन्होंने गिरिडीह के उपायुक्त से इस मामले की गंभीरता से जांच कराने एवं उक्त डीलर का लाइसेंस रद्द करते हुए कानूनी कार्रवाई किये जाने की मांग की है.














