
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई तपाड़िया कॉमप्ल्क्स के पास कंचन पर धारदार हथियार से हमला करने वाले अपराधी सुधीर कुमार सिंह को एक घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे बस स्टैंड से उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह बिहार जाने के लिए बस में बैठ चुका था. पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है. सुधीर मूल रुप से बिहार के छपरा का रहने वाला है और वाहन चलाने का काम करता है. जुगसलाई में वह डीबी रोड में किराए के मकान में रहता है. घटना को अंजाम देने के बाद वह पैदल ही मेन रोड पहुंचा जहां से ऑटो में सवार होकर बस स्टैंड पहुंच गया. यहां उसने छपरा के लिए टिकट बुक किया और बस पर बैठ गया. बस खुलने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. (नीचे देखे पूरी खबर)

10 हजार रुपये वापस नहीं करने पर किया हमला
कंचन मूल रुप से बागबेड़ा रोड नंबर तीन की रहने वाली है. वह गौशाला नाला रोड के पास कुलदीप सिंह के साथ लिव इन में रहती है. सुधीर ने पुलिस को बताया कि उसने कंचन को 10 हजार रुपये दिए थे. वह रुपये लौटाने में आना-कानी कर रही थी इसीलिए उस पर हमला कर दिया. पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले गई. घटना के बाद कंचन को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के बाद उससे पुलिस ने पूछताछ शुरु की. पुलिस ने पूछताछ के क्रम में सुधीर का मोबाइल नंबर लिया और उसे सर्विलांस में डाल दिया. पुलिस को उसका लोकेशन बस स्टैंड पर मिला. पुलिस ने तत्पराता दिखाते हुए बस स्टैंड में छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया.





