जमशेदपुर : परसुडीह स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में रविवार को भव्य होली मिलन आयोजित हुआ. इस समारोह में बड़ी संख्या में कबीरपंथी शामिल हुए और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया. कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम के महंत एवं सद्गुरु कबीर सेवा समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया की. इसके बाद उपस्थित भक्तों और श्रद्धालुओं ने “साहेब बंदगी” के जयघोष के साथ एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं. (नीचे भी पढ़ें)

पूरा आश्रम परिसर रंगों और उल्लास से सराबोर नजर आया. आश्रम के महंत ने वसंत ऋतु और होली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि वसंत पंचमी के आगमन के साथ ही जीवन में नई ऊर्जा, नई उमंग और सकारात्मकता का संचार होता है. होली का पर्व केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि मनोविकारों को त्यागकर प्रेम, एकता और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता भी है. समारोह के दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमते नजर आए. कबीर के भजनों और पारंपरिक होली गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद ग्रहण किया. इस आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी ज्वाला सिंह और बलराम साहू की अहम भूमिका रही. वहीं सद्गुरु कबीर सेवा समिति की सदस्य प्रेमा साहू, पूर्णिमा साहू, लक्ष्मी साहू, मेघा सिंह, नंदिनी साहू, भावना साहू, विवेक कुमार, शेखर साहू, शंकर लोधी, माखन साहू, पप्पू साहू और रमेश साहेब समेत अन्य गणमान्य लोगों ने सक्रिय सहयोग किया.







