जमशेदपुर : तुलसी भवन की साहित्य समिति की ओर से रविवार को संस्थान के प्रयाग कक्ष में मासिक ‘कथा मंजरी’ सह महादेवी वर्मा, सच्चिदानन्द हीरानन्द वात्स्यायान अज्ञेय, फणीश्वर नाथ रेणु एवं भवानी प्रसाद मिश्र जयंती समारोह का आयोजन किया गया. संस्थान के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र मूनका की अध्यक्षता में आयोजित समारोह की शुरुआत उपस्थित साहित्यकारों द्वारा मां सरस्वती एवं चारों साहित्यकारों के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्पण के साथ हुई. इसके बाद उपर्युक्त साहित्यकारों का विस्तृत साहित्यिक परिचय अजय प्रजापति, डॉ अरुण सज्जन, नीता सागर चौधरी एवं सुरेश चन्द्र झा ने प्रस्तुत किया. (नीचे भी पढ़ें)
अगले सत्र, कथा मंजरी के तहत विभिन्न विषयों को स्पर्श करती कुल 10 कहानियों का पाठ किया गया, जिन पर समीक्षात्मक टिप्पणी कथा पाठ के उपरान्त सुभाष चन्द्र मूनका ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य के दौरान की. आज पढ़ी गई कहानियों में मंजू कुमारी ने ओलेक्स पर बेच दो, शकुन्तला शर्मा ने समाज सेवा, सुष्मिता मिश्रा ने विकृत मानसिकता, सुरेश चन्द्र झा ने बदलते रंग, ब्रजेन्द्र नाथ मिश्र ने स्वयं को तलाशना और तराशना, डॉ अरुण कुमार शर्मा ने जंगल में होली, आलोक मंजरी विदुषी ने मदर इण्डिया, नीता सागर चौधरी ने नानी का स्वेटर, डॉ एनके.सिंह ने स्वर्ग या नरक एवं भंजदेव देवेन्द्र कुमार व्यथित ने सदुपयोग कहानी का पाठ किया.








