जमशेदपुर : जमशेदपुर में पिछले 24 घंटों से तेंदूआ की मौजूदगी ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है. टाटानगर रेल स्टेशन यार्ड में देखे जाने के बाद अब तेंदूआ रिहायशी इलाके मकदमपुर तक पहुंच गया है. बुधवार को मकदमपुर स्थित मुंशी बाड़ी इलाके के एक घर में तेंदूआ घुस जाने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी. वहीं जोजोबेड़ा रेललाइन के पास भी दिखा है. जानकारी के अनुसार मकदमपुर निवासी भानु लाल के घर में अचानक तेंदूआ घुस आया. घर के भीतर जंगली जानवर को देख परिवार के लोग घबरा गए और शोर मचाने लगे. (नीचे भी पढ़ें)

लोगों की आवाज सुनकर तेंदूआ भी घबरा गया और तुरंत वहां से भाग निकला. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी. पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है. हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि तेंदूए की दहशत की शुरुआत टाटानगर रेलवे यार्ड से हुई थी, जहां झाड़ियों के बीच एक धब्बेदार जंगली जानवर को घूमते देखा गया था. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने यार्ड क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाए थे. आशंका जताई जा रही है कि वही तेंदूआ रेलवे ट्रैक किनारे की झाड़ियों के रास्ते रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है. प्रशासन ने लोगों से रात में अकेले बाहर न निकलने और बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की है.







