जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा के शिव सिंह बगान में 8 जून को घर में घुसकर मनप्रीत पाल सिंह को गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी. इस चर्चित हत्याकांड के 16 दिनों के बाद गुरुवार को सिदगोड़ा पुलिस ने जमशेदपुर कोर्ट में प्रथम श्रेणी न्यायिक दण्डधिकारी आलोक ओझा की अदालत में मृतक के पिता हरजिन्दर सिंह व मां सोनी कौर का धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया. कोर्ट में बयान देते हुए मां फिर से भावुक हो गई और रो पड़ी. उन्होंने कोर्ट को बताया कि राहुल सिंह, अक्षय सिंह व गौरव ने उनकी आंखों के सामने जिगर के टुकड़े को गोलियों से छलनी कर दिया था. इसके बाद भी मौत पक्की करने के लिए उसके पेट में चाकू से गोदा गया. उन्होंने अपने बयान में कहा है कि वह वहां रहकर भी बेटे को नहीं बचा पाई. हत्यारों ने मेरे बाल खींचकर पटक दिया. मालूम हो कि हत्या के बाद पुलिस अब तक छह लोगों को जेल भेज चुकी है. तीन हथियार, एक मैगजीन, 10 खोखा भी पुलिस ने बरामद किया है. वहीं आरोपियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस हथियार व पिलेट का मिलान करने के लिए फॉरेनसिक जांच के लिए भी कोर्ट में आवेदन कर चुकी है.







