
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना वायरस का संक्रमण धीरे- धीरे कमजोर पड़ रहा है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है. इधर जमशेदपुर की स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा कोरोना से जंग जीत चुके लोगों से लगातार जमशेदपुर ब्लड बैंक के माध्यम से प्लाज्मा डोनेट कराया जा रहा है. इधर मारवाड़ी युवा मंच की जमशेदपुर शाखा द्वारा जमशेदपुर ब्लड बैंक में प्लाज्मा डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया. इस दौरान प्लाज्मा डोनेट करने वाले लोगों को लाने ले जाने के लिए जमशेदपुर ब्लड बैंक में एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई है. शाखा के सदस्यों ने बताया, कि कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों को बचाने के लिए प्लाजमा थेरेपी काफी कारगर साबित हो रही है. एक व्यक्ति के प्लाज्मा से 4 संक्रमितों की जान बचाई जा सकती है. ऐसे में कोरोना से जंग जीत चुके लोग आगे आएं और इस अभियान को सफल बनाएं.



