टाटानगर : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित 45वें ऑल इंडिया मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के समापन के उपरांत झारखंड के मास्टर एथलीटों की टीम मंगलवार शाम पहुंची टाटानगर स्टेशन पहुंची. स्टेशन पर मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड एवं मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन की पूर्वी सिंहभूम के जिला इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्योंयों ने गर्मजोशी के साथ खिलाड़ियों के दल को अगवानी करते हुए अभिनंदन किया. मौके पर विजयी खिलाड़ियों को माला पहनकर एवं मुंह मीठा करके विशेष रूप से स्वागत किया और शुभकामना एवं बधाई दी. इस मौके पर सचिव मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ़ पूर्वी सिंहभूम, श्याम शर्मा, उपाध्यक्ष ललन सिंह यादव, दिव्यांग बच्चों के राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रशिक्षक राजकुमार सिंह, समाजसेवी भूपेंद्र सिंह, समाजसेवी सलीम जावेद, मोहम्मद रिजवान बेग, अभियंता वीरेंद्र कुमार, अंतरराष्ट्रीय मास्टर एथलीट अवतार सिंह एवं काफी संख्या में खेल प्रेमी भी टाटानगर स्टेशन में मौजूद रहे.(नीचे भी पढ़े)
सचिव एसके तोमर और अध्यक्ष विजय सिंह के नेतृत्व में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. इस प्रतियोगिता में मास्टर एथलेटिक एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड की पुरुष और महिला टीम ने कड़ी स्पर्धा के बीच कुल 24 पदक जीते हैं. इनमें 06 स्वर्ण पदक, 14 रजत पदक और 04 कांस्य पदक शामिल हैं. मास्टर्स एथलेटिक एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष विजय सिंह एवं सचिव संजीव सिंह ने विजयी खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया. मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड के अध्यक्ष विजय सिंह और सचिव संजीव कुमार तोमर ने सभी पदक विजेताओं और प्रतिभागी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी. झारखंड की टीम ने इस चैंपियनशिप में अपनी उत्कृष्टता और संघर्ष का परिचय देते हुए यह साबित कर दिया कि जब खेलों में समर्पण और मेहनत हो, तो सफलता अवश्य मिलती है.



