जमशेदपुर: झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बड़ा संकट मंडराता दिख रहा है. राज्यभर के सरकारी अस्पतालों में कार्यरत जूनियर डॉक्टर अपने स्टाइफेंड में बढ़ोतरी की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं. राजधानी रांची स्थित राजेन्द्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस को छोड़कर लगभग सभी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में विरोध प्रदर्शन जारी है. इसी कड़ी में जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर भी हड़ताल पर चले गए हैं. सोमवार को डॉक्टरों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो वे 6 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे. (नीचे भी पढ़ें)
डॉक्टरों का कहना है कि झारखंड में उन्हें अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम स्टाइफेंड दिया जाता है, जबकि कार्यभार अत्यधिक रहता है. यह मुद्दा लंबे समय से लंबित है. उन्होंने कई बार राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखी हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. आंदोलन को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का भी समर्थन मिल गया है. राज्य के कई अस्पतालों में जूनियर डॉक्टर काला बिल्ला लगाकर विरोध जता रहे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि सरकार यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है, तो स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा सकती हैं. 6 अप्रैल से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है, जिससे आम जनता की चिंता बढ़ गई है.














