चाकुलिया : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने बुधवार को चाकुलिया प्रखंड के कालियाम गांव का दौरा कर हाल ही हाथी के हमले में हुई अनिल महतो की दुखद मृत्यु हो गई थी. इस दौरान उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की. डॉ गोस्वामी ने कालियाम के ग्रामीणों के साथ बैठक की जिसमें ग्रामीणों ने डॉ गोस्वामी को क्षेत्र में आये दिन हो रहे हाथियों के हमले की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं. रात के समय हाथियों का झुंड अचानक गांव में प्रवेश कर जाता है, जिससे घरों को भारी नुकसान पहुंचता है. (नीचे भी पढ़ें)

ग्रामीणों ने बताया कि हाथी धान की फसल खा जाते हैं, घरों के आसपास लगाए गए बांस के पेड़ों को तहस-नहस कर देते हैं और इस वर्ष बड़ी मात्रा में धान की फसल भी रौंद चुके हैं. ग्रामीणों ने कहा कि जंगल से यदि वे एक सूखी लकड़ी की डाली भी लाते हैं तो वन विभाग उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर देता है, लेकिन जब हाथी उनके बांस और फसलों को नष्ट कर देते हैं तो उनकी शिकायत सुनने वाला कोई नहीं है. उन्होंने बताया कि हाथियों के लगातार बढ़ते आतंक के कारण ग्रामीण रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं. ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद डॉ गोस्वामी ने उन्हें आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में वे स्वयं और भारतीय जनता पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता के कारण चाकुलिया क्षेत्र के लोगों को लगातार हाथियों के उत्पात का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने राज्य सरकार से हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग करते हुए कहा कि हाथियों को सुरक्षित रूप से दलमा के घने जंगलों की ओर भेजने की व्यवस्था की जाए. साथ ही, हाथी प्रभावित गांवों में हाई मास्ट लाइट लगाने, जंगलों में हाथियों के लिए पर्याप्त भोजन एवं पानी की व्यवस्था करने, ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं. मौके पर जिला मंत्री चंदना मुर्मू, श्यामसुंदर मंडल अध्यक्ष शुभेंदु पात्र, चाकुलिया मंडल अध्यक्ष महादेव महतो, दिलीप महतो, तपन बेरा, परिमल दास, संदीप चांद, सनत गिरि, राजू महतो, यादव पात्र समेत अन्य उपस्थित रहे.




