जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में आगामी 17 एवं 18 अगस्त को बिष्टुपुर चैंबर भवन में आयोजित होने वाले मानसून ट्रेड फेयर का पोस्टर सोमवार को चैंबर भवन सभागार में लांट किया गया. इस अवसर पर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि चैंबर का प्रयास व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय एवं महिला उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है. मानसून ट्रेड फेयर इसी उद्देश्य की महत्वपूर्ण कड़ी है. उन्होंने शहर वासियों से सपरिवार फेयर में पहुंचकर स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
उपाध्यक्ष ट्रेड एंड कॉमर्स अनिल मोदी ने कहा कि यह ट्रेड फेयर महिला उद्यमिता, स्वरोजगार और वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने का प्रभावी मंच है. फेयर में विभिन्न उत्पादों की आकर्षक रेंज उपलब्ध होगी, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर खरीदारी के विविध विकल्प मिलेंगे. उन्होंने कहा कि चैंबर वर्ष में दो बार इस तरह के ट्रेड फेयर का आयोजन कर महिलाओं एवं छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर प्रदान करता है. (नीचे भी पढ़ें)
महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि फेयर को सफल एवं आकर्षक बनाने के लिए चैंबर की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. सचिव ट्रेड एंड कॉमर्स भरत मकानी ने बताया कि फेयर में विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि यह आयोजन व्यापारियों के लिए अपने उत्पादों को नए ग्राहकों तक पहुंचाने तथा उपभोक्ताओं के लिए विभिन्न उत्पादों की खरीदारी का बेहतर अवसर होगा. (नीचे भी पढ़ें)
17 एवं 18 अगस्त को प्रातः 11 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक आयोजित होने वाले इस मानसून ट्रेड फेयर में शहरवासियों के लिए विभिन्न प्रकार के उत्पाद एवं आकर्षक खरीदारी विकल्प उपलब्ध रहेंगे. चैंबर ने जमशेदपुर वासियों से सपरिवार फेयर में शामिल होकर स्थानीय एवं महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की अपील की है. कार्यक्रम के आयोजन में उपाध्यक्ष वित्त एवं कराधान राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष पी आर डब्लू अभिषेक अग्रवाल, उपाध्यक्ष इंडस्ट्री हर्ष बाकरेवाल, सचिव अंशुल रिंगसिया, विनोद शर्मा, सुरेश शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, कार्यक्रम समन्वयक सुमन नागेलिया एवं अन्य मुख्य रूप से सक्रिय हैं.




