जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत दाईगुटू तेली लाइन निवासी उत्त्तम कुमार साहू (18) की हत्या उसी के परिजनों ने कर दी. मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ था. आए दिन परिवार में मकान के बंटवारे को लेकर विवाद होता रहता था. शुक्रवार को भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई जिसमें उत्तम की हत्या कर दी गई. वहीं उत्तम के पिता मदन साहू को भी गंभीर चोटें आई है. उत्तम पर उसकी बुआ शांति देवी और दादा बबन साहू ने मिलकर चाकू से हत्या कर दी. उत्तम की आंख में भी कांच का टुकड़ा घुसा दिया गया. घटना के तुरंत बाद उत्तम के परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया.

हालांकि मृतक के पिता मदन साहू को भी गंभीर चोंटे आई है. उनका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. इधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दादा बबन साहू और बुआ शांति देवी को गिरफ्तार कर थाना ले गई. मृतक की बहन सुजाता ने बताया कि मकान के बंटवारे को लेकर अक्सर विवाद होता रहा है. गुरुवार रात को भी झगड़ा हुआ था. शुक्रवार की सुबह फिर से विवाद शुरु हो गया. इसी बीच दादा बबन साहू, बुआ शांति देवी, चचेरा भाई सुमीत औऱ बुआ का बेटा सुजीत आया और सभी ने मिलकर मारपीट शुरु कर दी. दादा ने लाठी डंडे से पिटाई कर दी वहीं पीछे से किसी ने उत्तम पर चाकू से वार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई.
पहले भी हो चुका है विवाद
इस संबंध में मानगो थाना प्रभारी मिथलेश कुमार ने बताया कि मकान के बंटवारे का विवाद शुरु से चला आ रहा है. एक माह पहले भी थाना में मामला दर्ज किया गया था. बबन साहू के तीन बेटे है जिसमे से वह दो बेटों को ही हिस्सा दे रहा था. तीसरा बेटा मदन साहू ने इसका विरोध किया औऱ मकान में अपना हिस्सा मांगा पर बबन ने हिस्सा देने से इंकार कर दिय़ा. इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था. फिलहाल इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी चल रही है औऱ फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.







