जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में अमित सिंह उर्फ दारा की हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य अपराधी बागबेड़ा लाल बिल्डिंग आनंदनगर के रहने वाले अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाली को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल मैगजीन समेत और दो कारतूस बरामद किया है. अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाल के खिलाफ पहले से ही बिष्टुपुर थाना, बागबेड़ा थाना, जुगसलाई थाना, चांडिल रेल थाना समेत अन्य थाना क्षेत्रों में कुल 9 मुकदमा पहले से ही लंबित है. इस घटना में मुख्य शूटर अनूप बंगाली ही था, जिसको पुरुलिया से गिरफ्तार किया गया. पिस्तौल को बर्मामाइंस से ही बरामद किया गया है. पकड़े गये अनूप बंगाली ने कहा कि अपने सहयोगी के साथ बर्मामाइंस स्थित बिनोद बाबा आश्रम के पास आरोपी अनूप शराब पी रहा था. वे लोग छोटू सोनू और भाई सन्नी के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद छोटू पासवान के साथ मारपीट की घटना को अंजाम देने के लिए गये हुए थे. बताया जाता है कि उस वक्त मौजूद छोटू को गोली मारने के उद्देश्य से फायरिंग की गयी थी. लेकिन यह गोली अमित सिंह को जाकर लग गयी, जिसके बाद वह घायल हो गया. उसको घायल हालत में टीएमएच ले जाया गया, जहां उसका इलाज के दौरान मौत हो गयी थी.






