जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जहां साकची बाजार से लापता बच्ची 15 दिन बाद सकुशल बरामद कर लिया गया. इस मामले में पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र के पुष्टि ग्राम का रहने वाला अब्दुल जसीम उर्फ लखन (43) और उसकी पत्नी अफसाना बेगम (30) को गिरफ्तार किया गया. बच्ची उन्हीं के पास से सकुशल बरामद की गयी है. सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया ने बताया कि बच्ची 26 मई को साकची बाजार में अपने माता-पिता के साथ खरीदारी के दौरान लापता हो गयी थी. इस संबंध में बच्ची के पिता मो. इम्तियाज ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया गया. पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की. तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पुष्टि में छापेमारी कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
पूछताछ में दोनों पति-पत्नी ने बच्ची के अपहरण में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. आरोपियों ने बताया कि उनकी शादी को लगभग दस वर्ष हो चुके हैं और संतान नहीं होने के कारण उन्होंने लालचवश बच्ची का अपहरण कर लिया था. बच्ची को छिपाने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल के ग्राम पुष्टि में रखा गया था. गिरफ्तार दंपती मूल रूप से मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड क्षेत्र में किराये के मकान में रहते थे. पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल भी जब्त किया है. (नीचे भी पढ़ें)

इस कार्रवाई में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव समेत थाना के कई पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.







