
जमशेदपुर : देश के संसद में पारित हुए एनआरसी और सीएबी बिल के खिलाफ झामुमो नेता हिदायत खान के भाई और भाजपा में हाल ही में शामिल फजल खान ने सारे लोगों को एकजुट की है. जमशेदपुर के धातकीडीह स्थित मसजिद में जुमे की नमाज अदा करने के बाद बाहर निकले और एनआरसी-सीएबी के बिल के खिलाफ नारेबाजी की.
इन लोगों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इस बिल को वापस लेने की मांग की. फजल खान ने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह बिल देश को तोड़ने वाला है. सीएबी और एनआरसी जैसे बिल को पेश कर भारत की सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वे लोग किस मानसिकता के साथ काम कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जिन्ना की राह अपना लिये है और उनके ही राह पर देश को तोड़ने का कदम उठा रहे है. उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन एक नमूना है, अगर यह बिल वापस नहीं लिया गया तो एनआरसी और सीएबी के खिलाफ पूरा झारखंड ही नहीं पूरा हिंदुस्तान जलने लगेगा. गौरतलब है कि फजल खान विधानसभा चुनाव के पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे और हाल ही में अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ मिलकर मुख्यमंत्री रघुवर दास के पक्ष में चुनाव प्रचार भी किया था.






