
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गरमनाला मोड़ के पार्क के पास शुक्रवार की रात झाड़ियों में मिले नवजात को पुलिस ने चाइल्ड लाइन को सुपूर्द कर दिया गया है. फिलहाल नवजात को एमजीएम अस्पताल के एनआइसीयू में रखा गया है जहां उसकी देखभाल की जा रही है. बच्चे (लड़का) का वजन मात्र 1.3 किलोग्राम ही है. हालांकि बच्चा स्वस्थ्य बताया जा रहा है. चाइल्ड लाइन की अध्यक्ष पुष्पा रानी तिर्की ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने बच्चे को सुपूर्द कर दिया है, अब चाइल्ड लाइन द्वारा आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. आने वाले 60 दिनों तक चाइल्ड लाइन द्वारा अखबारों के माध्यम से इश्तेहार निकाला जाएगा. अगर फिर भी बच्चे का कोई भी इसे लेने नहीं आता है तो यह बच्चा सेंट्रल कमेटी को सौंप दिया जाएगा. वहां से बच्चे को गोद लेने के लिए आवेदन देने वालों को देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इधर पुलिस द्वारा मौके पर लगे सीसीटीवी फूटेज की जांच कर बच्चे की मां का पता लगाया जा रहा है. ज्ञात हो कि शुक्रवार की रात गरमनाला मोड़ के पास स्थित पार्क के पास झाड़ियों में एक महिला अपने नवजात को फेंक कर चली गई थी. नवजात की किलकारी सुनकर स्थानीय लोगों ने उसे देखा और पुलिस को सूचना दी थी.
सिदगोड़ा से बच्चा चोरी का मामला उजागर, पुलिस करेगी खुलासा
सिदगोड़ा से बच्चा चोरी करने का मामला उजागर हुआ है. बच्चे को साढ़े तीन लाख रुपये में कहीं बेचने का मामला सामने आया है. बताया जाता है कि देर शाम तक पुलिस इसका खुलासा करने वाली है, जिसके बाद साफ हो पायेगा कि आखिर किस तरह इस कांड को अंजाम दिया गया था. इसको लेकर पुलिस की ओर से तैयारी की जा रही है. कुछेक लोगों को हिरासत में भी लिये जाने की सूचना है.







