जमशेदपुर : जमशेदपुर में तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर दहशत और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बाइकर्स के खिलाफ जिला पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की. सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में पुलिस ने जब्त किए गए 152 मॉडिफाइड साइलेंसर्स को साकची क्षेत्र में सार्वजनिक रूप से बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया. इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर की शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा. एसपी ने बताया कि रिहायशी इलाकों, अस्पतालों और अन्य शांत क्षेत्रों से लगातार तेज आवाज वाले साइलेंसर्स की शिकायतें मिल रही थीं. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर एक शांत और सभ्य शहर है, लेकिन कुछ लोग साइलेंसर में अवैध बदलाव कर स्टंटबाजी और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे थे, जिसे अब सख्ती से रोका जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
यह कृत्य मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 182 समेत अन्य प्रावधानों के तहत दंडनीय है. पुलिस ने यह भी चेतावनी दी कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगे भी लगातार जारी रहेगा. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ साइलेंसर जब्ती, भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जायेगी. साथ ही, संबंधित वाहनों को थाने या न्यायिक प्रक्रिया में लंबे समय तक रखा जा सकता है, ताकि दोषियों को कड़ा सबक मिले.



