जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित गोकुलनगर बस्ती निवासी अजीत महतो की पुलिस कस्टडी में हुई मौत का मामला गर्माता जा रहा है. भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर पुलिस पर हमला बोला है. शुक्रवार को जहां जमशेदपुर के सांसद मारे गये युवक के परिजन से मिले थे, वहीं, शनिवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की. गोकुल नगर बस्ती जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की. इस दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन द्वारा लगातार आम नागरिकों को प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है. उन्होंने कहा है कि पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि स्वर्गीय अजीत महतो को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि 31 दिसंबर को एमजीएम थाना क्षेत्र के गोकुलनगर निवासी 22 वर्षीय अजीत महतो को एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी थी. चोरी के एक मामले में संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए एमजीएम थाना की पुलिस रविवार देर रात करीब एक बजे उसे घर से अपने साथ ले गयी थी. थाना में पूछताछ की गयी. तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया था. अजीत की मौत की जानकारी मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची. शव को एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया गया. अजीत की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और कहा कि यह कस्टडी में हुई मौत है. इस मामले के दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई होनी चाहिए.







