रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गयी है. राज्य निर्वाचन आयोग की तैयारियों के मिल रहे संकेत के आधार पर कहा जा रहा है कि जनवरी महीने के अंत तक चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी. नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी 8 जनवरी को सभी जिलों के उपायुक्तों व एसपी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग करेंगी. इस दौरान चुनाव की जुड़ी हुई जमीनी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी. जहां जहां कमी पायी जाएगी, वहां वहां पर सुधार करने के लिए पांच- सात दिनों का समय दिया जाएगा. इसके बाद मुख्य सचिव के माध्यम से राज्यपाल को चुनाव तिथि का प्रस्ताव भेजा जाएगा. संभावना है कि जनवरी के तीसरे सप्ताह में राज्यपाल से भी मंजूरी मिल जाएगी. राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद नगर निकाय चुनाव के तिथि की घोषणा कर दी जाएगी. अधिसूचना जारी होने के अगले दिन से ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर जाएगी.(नीचे भी पढ़े)
नामांकन के लिए प्रत्याशियो को लगभग एक सप्ताह का समय मिलेगा. जानकारी के अनुसार इस बार नगर निकाय चुनाव एक ही चरण में कराएं जाएंगे.मतदान ईवीएम से नही होगा. इस बार राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से ईवीएम में कुछ खामियों के कारण परहेज किया जाएगा. इसलिए नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे. राज्य निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है कि चुनाव प्रक्रिया 28 मार्च से समाप्त कर दी जाए. विदित हो कि हाई कोर्ट ने नगर निकाय चुनाव कराने के लिए 30 मार्च तक का अंतिम समय निर्धारित किया है. जिसके कारण आयोग मार्च महीने में हर हाल में चुनाव प्रक्रिया को समाप्त करने की रुपरेखा तैयार कर ली है. फरवरी लास्ट या फिर मार्च महीने के पहले सप्ताह में चुनाव कराने की संभावित तिथि है. मतदान के बाद री- पोल के लिए भी दो तीन दिन का समय अतिरिक्त सुरक्षित रखा जाएगा. दो तीन दिनों केअंदर री पोल करा लिया जाएगा. एक ही बैलेट बॉक्स में मेयर व वार्ड पार्षद केलिए वोट डाले जाएंगे. मेयर के लिए गुलाबी रंग व वार्ड पार्षद के सफेद रंग का मतपत्र रहेगा. मतगणना के 15 दिनों के अंदर निगम का मेयर, नगर परिषद व नगर पंचायत के अध्यक्ष का चुनाव कर लिया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)
कहां कहां होगा निकाय चुनाव
नगर निगम चुनाव:रांची, हजारीबाग, धनबाद, मेदनीनगर, गिरिडीह, देवघर, चास, आदित्यपुर और मानगो
नगर परिषद चुनाव: गढ़वा, विश्रामपुर, चाईबासा, झुमरी तिलैया, चक्रधरपुर, चतरा, चिरकुंडा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गुमला, जुगसलाई, कपाली, लोहरदगा, सिमडेगा, मधुपुर, रामगढ़, साहिबगंज, फुसरो और मिहिजाम
नगर पंचायत चुनाव: बंशीधर नगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया,धनवार, महगामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला और चाकुलिया.







