
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों के खिलाफ हल्ला बोलना शुरू कर दिया है. जमशेदपुर पुलिस ने अब अपराध पर लगाम लगाने के लिए अभियान की शुरुआत के दी है. इस अभियान के तहत पुलिस आर्म्स पेडलर्स और तड़ीपार अपराधियों पर नजर रखेगी साथ ही ऐसे अपराधी जो काफी लंबे समय से फरार चल रहे है उनकी भी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. शुक्रवार से पुलिस ने इसकी शुरुआत कर दी है. मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि इस अभियान में जिले के हर थाना में एक टीम का गठन किया गया है. इस टीम में कुल 67 पुलिसकर्मी शामिल है. यह अभियान रात 10 बजे से 2 बजे तक चलाया जाएगा. इस दौरान फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जाएगी साथ ही इलाके के आर्म्स पेडलर्स और तड़ीपार अपराधियों पर भी नजर रखी जायेगी. उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत शुक्रवार से ही की गई. इसमें वे खुद बागबेड़ा के कन्हैया सिंह के घर जांच करने गए थे जबकि सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने मानगो क्षेत्र में अभियान चलाया वहीं एएसपी कुमार गौरव ने भी गोविंदपुर और गोलमुरी की कमान संभाली. इस दौरान कुल 11 लोगों को पकड़ा गया जिसमे जादूगोड़ा से मारपीट मामले में फरार काजूनाथ मुर्मू, बड़सोल से गुणाधर घोष, सोमन सेनापति और मदन सेनापति को 128 बोतल अवैध शराब के साथ, मुसाबनी से फरार चल रहे शेख मुख्तार , सीतारामडेरा से गंगा रविदास, और नरेश भुईयां को भी ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया है. उन्होंने बताया कि यह अभियान हफ्ते में एक या दो बार ही चलाया जाएगा.






