
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत एनएच 33 स्थित टाटा-हिताची के गोदाम में चोरी के मामले में पुलिस से त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने गोदाम के सुरक्षाकर्मी अमित पैकरिया को गिरफ्तार किया है. अमित डिमना रोड के शंकोसाई रोड नंबर 5 का रहने वाला है. पुलिस ने इसकी निशानदेही पर गोदाम के बाथरूम से ही 63905 रुपए भी बरामद किए हैं. पुलिस अमित से बाकी के रुपए के बारे में जानकारी ले रही है. इस मामले में उलीडीह थाना प्रभारी धनंजय बैठा ने बताया कि मंगलवार की रात गोदाम में चोरी की गई थी जिसमें गोदाम में रखे 1.15 लाख नगद चुरा लिए गए थे. चोर ने सीसीटीवी का तार भी निकाल दिया था. इसके बाद पुलिस को शक हुआ कि सुरक्षाकर्मी ही इस चोरी में शामिल है. जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने सारी बात बता दी. ज्ञात हो कि मंगलवार की रात टाटा हिताची के गोडाउन में रखें 1.15 लाख की चोरी कर ली गई थी, जिसके बाद सर्वजीत राय के बयान पर उलीडीह थाना में मामला दर्ज कराया गया था.







