
जमशेदपुर : भारतीय जीवन बीमा निगम की 65वीं वर्षगांठ जमशेदपुर शाखा-II, हिंदुस्तान बिल्डिंग में हर्षोल्लास मनायी गयी. एक सप्ताह तक चलने वाले बीमा सप्ताह का उद्घाटन समारोह बुधवार को हुई. भारतीय जीवन बीमा की परंपरा के अंतर्गत कार्यक्रम की शुरुआत निगम गीत से की गयी, जिसके पश्चात वरीय शाखा प्रबंधक सुरेश रजक ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. कर्मचारियों के हरेक वर्ग, अभिकर्ताओं एवम बीमा धारकों द्वारा भी दीप प्रज्वलन किया गया. वरिष्ठ शाखा प्रबंधक ने अपने संबोधन में भारतीय जीवन बीमा निगम की उपलब्धियों, दायित्वों और आने वाली चुनौतियों के बारे में विस्तार से चर्चा की. इस अवसर पर बीमा धारकों को और बेहतर सेवा देने का भी संकल्प लिया गया. उन्होंने कहा कि “जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी” स्लोगन को चरितार्थ करते हुए वैश्विक महामारी कोरोना के दौर में भारतीय जीवन बीमा निगम में पूरे देश में सबसे ज़्यादा मृत्यु दावा का भुगतान किया. सप्ताह भर चलने वाले बीमा सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें गुरु सम्मान कार्यक्रम, अभिकर्ता दिवस, स्वास्थ्य जांच, प्रश्नोत्तरी आदि प्रमुख हैं. हरेक कार्यक्रम का आयोजन पूरी तरह कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए किया जायेगा.




