
जमशेदपुर : पिछले दिनों जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत रवींद्र भवन के पीछे से जिला प्रशासन द्वारा पंचमुखी हनुमान मंदिर और शनि देव मंदिर को तोड़े जाने पर विश्व हिंदू परिषद ने कड़ी आपत्ति जताते हुए हिंदुओं के धार्मिक भावना को आहत करने का आरोप जिला प्रशासन और टाटा स्टील पर लगाया है. बुधवार को विश्व हिंदू परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पहुंच जिले के उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपते हुए उक्त स्थान पर इमामबाड़ा और कब्रिस्तान के लिए चिन्हित भूमि पर विरोध जताया. उन्होंने जिला प्रशासन से कब्रिस्तान की भूमि के बाद जमीन की घेराबंदी किए जाने और इमामबाड़ा को तत्काल वहां से हटाए जाने की मांग की. साथ ही पंचमुखी हनुमान मंदिर और शनि मंदिर को फिर से बनाए जाने की मांग की है. वहीं जिला प्रशासन के साथ वार्ता के संबंध में विश्व हिंदू परिषद नेता अरुण सिंह ने बताया, कि वार्ता अभी पूरी भी नहीं हुई थी, और जिला प्रशासन ने बगैर किसी पूर्व सूचना के मंदिर को तोड़ दिया. वैसे जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद से लगातार हिंदूवादी संगठनों द्वारा विरोध जताया जा रहा है.





