
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित गुरुनानक नगर बस्ती साकची के वाशिंदों ने जुस्को इलेक्ट्रिकल विभाग के जीएम सरदार मनमोहन सिंह की शिकायत टाटा संस के चेयरमैन एवं मुख्यमंत्री से लिखित रूप में की है. लोगों ने जमशेदपुर के उपायुक्त सूरज कुमार एवं स्थानीय विधायक तथा पूर्व मंत्री सरयू राय से भी जुस्को जीएम इलेक्ट्रिकल की शिकायत भी की है. लोगों ने साफ तौर से कहा है कि जीएम का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है और वे ग्राहकों के साथ बदसलूकी एवं बदतमीजी कर रहे हैं. धमकी देकर लोगों के घरों का बिजली कनेक्शन भी कटवा रहे हैं. लोगों के अनुसार लॉकडाउन में काम रोजगार व्यापार ठप है और ऐसे में जुस्को इलेक्ट्रिकल विभाग ने मार्च के बाद प्रतिमाह बिल नहीं भेजा और बिना मीटर रीडिंग के जून महीने में एकमुश्त मोटी रकम दिल के रूप में देने को कहा. ग्राहक जीएम इलेक्ट्रिकल से मिलकर इसे किस्त में करने का आग्रह करते हैं तो वे उनके साथ बदसलूकी करते हैं और मर्यादा हनन का कोई मौका और शब्द नहीं छोड़ते हैं. सुप्रीम कोर्ट ने कई बार अपने फैसलों में प्रावधान दिया है कि बिजली पानी नैसर्गिक आवश्यकता है और इससे नागरिकों को वंचित नहीं किया जा सकता है. केंद्र एवं राज्य सरकार ने भी कर्ज में ब्याज में 3 महीने का छूट देने का भी प्रावधान किया है. टाटा उद्योग एवं टाटा घराना एथिक्स एवं मानवीय पहलू पर जोर देता है परंतु मनमोहन सिंह अपने व्यवहार से टाटा घराने को भी दाग लगा रहे हैं. गुरुद्वारा बस्ती के हरचरण सिंह सिद्धू ने कहा कि कहा कि वे इस मामले को टाटा संस के चेयरमैन रतन टाटा एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक लेकर जा रहे हैं. हरचरण सिंह के अनुसार मनमोहन सिंह इसी तरह कार्य करते रहे तो टाटा घराना की बहुत बदनामी होगी. इस बारे में जुस्को का पक्ष नहीं मिल पाया है.




