जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा में दुष्कर्म की शिकार एक महिला ने गोलमुरी थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने सीजीपीसी के पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह मुखे समेत अन्य लोगों पर हथियार के बल पर धमकाने का आरोप लगाया है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 10 फरवरी 2024 की रात गुरमुख सिंह मुखे, रामदेव बगान निवासी केया बोस, मनोनी बोस और बिरसानगर जोन नंबर सात निवासी मंजीत सिंह उसके घर आए और दुष्कर्म का केस वापस लेने का दबाव डाला. महिला के अनुसार, यदि उसने मामला वापस नहीं लिया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
आरोपियों ने हथियार दिखाकर डराने की कोशिश भी की. महिला ने पहले कदमा थाना में गुरमुख सिंह मुखे के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जिसमें वह फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर है. घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. पीड़िता ने सुरक्षा की मांग की है, वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.




