पोटका : पोटका थाना क्षेत्र के सावनाडीह गांव के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना में महिला समेत चार लोग घायल हो गए. हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.मिली जानकारी के अनुसार, जादूगोड़ा की ओर से एक बाइक पर तीन लोग सवार होकर पोटका की ओर आ रहे थे. सावनाडीह गांव के समीप एक महिला स्कूटी से सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं, स्कूटी सवार महिला को भी चोटें आईं.(नीचे भी पढ़े)
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. गंभीर रूप से घायल दो लोगों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलने पर पोटका पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया. पुलिस घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है.







