
गुड़ाबांदा : उप विकास आयुक्त परमेश्वर भगत ने प्रखंड के पदाधिकारी और कर्मियों के साथ गुड़ाबांदा प्रखंड के फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत के सुदूरवर्ती गांव पहाड़ पर बसा कारलाबेड़ा गांव का किया दौरा. इस दौरान उन्होनें ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं से हुए अवगत, गांव के विकास हेतु क्या-क्या आवश्यकताएं हैं इससे अवगत हुए. उप विकास आयुक्त के साथ जिला व प्रखंड की टीम लगभग 3 किमी दुर्गम पहाड़ की चढ़ाई पैदल चलकर कारलाबेड़ा गांव पहुंचे. मौके पर उप विकास आयुक्त द्वारा गांव में मनरेगा से क्रियान्वित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण किया. साथ ही 6 प्रधानमंत्री आवास व एक बिरसा आवास लाभुक का गृह प्रवेश फीता काटकर कराया.

उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा गया कि कारलाबेड़ा गांव में एक नया कूप, तालाब, लूज़ बोल्डर चेक डैम का शीघ्र चयन करते हुए स्वीकृति देने की बात कही है, ताकि लोगों को मनरेगा योजना के तहत रोज़गार उपलब्ध कराया जा सके. इसके अलावे प्रखंड विकास पदाधिकारी गुड़ाबांदा को निर्देश दिया गया कि तत्काल जर्जर दो कूपों और एक तालाब का री-एस्टिमेट करते हुए जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूर्ण कराने की बात कही है. मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि इस दुर्गम पहाड़ी गांव को सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा कि गांव के समग्र विकास हेतु जिला प्रशासन कृत संकल्पित है. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सदानंद महतो, प्रधान कार्यकारी समिति फुलमनी मुर्मू, अरविंद कुमार एपीओ जितेश कुमार सिंह प्रशिक्षण समन्वयक और सुमन मिश्रा ज़िला समन्वयक पीएमएवाईजी और प्रखंड के कर्मी उपस्थित थे.




