
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के बड़ियागाजार गांव से कुछ दूरी पर झाड़ियों में बेहोशी की हालत में युवक के पाए जाने से क्षेत्र में यह खबर आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों की भीड़ उक्त स्थान पर जुटने लगी। किसी भी ग्रामीण द्वारा उक्त युवक की पहचान नहीं की गयी। युवक की हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने इसकी सूचना भाजपा नेता मोहन सोरेन को दी। सूचना पाकर मोहन सोरेन घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से बेहतर इलाज के लिए उसे सीएचसी पहुंचाया गया। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस सीएचसी पहुंची और मामले व युवक के स्वास्थ्य की जानकारी चिकित्सक से ली। चिकित्सक ने बताया कि युवक का ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो गया है। उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर कर दिया गया है। इस संबंध में थाना प्रभारी वरुण यादव ने बताया कि अब तक युवक की पहचान नहीं हो पायी है और पुलिस युवक का उपचार एमजीएम अस्पताल में करा रही है। युवक के होश में आने के पश्चात ही पता चल पाएगा कि वह कौन व कहां का निवासी है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।





