नई दिल्ली : जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के कारण रिक्त हुए उप राष्ट्रपति का पद आगामी 9 सितंबर को भर जाएगा. चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव की तारीख घोषित कर दी है. चुनाव आयोग की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए आगामी 21 अगस्त तक नामांकन पत्र स्वीकार किये जाएंगे एवं उसके बाद आगामी 9 सितंबर को चुनाव होगा एवं उसी दिन शाम तक वोटों की गिनती के बाद नतीजे भी घोषित कर दिये जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
चुनाव आयोग ने इस संबंध में पूरा चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया हैै. इसके तहत आगामी 7 अगस्त को उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके बाद आगामी 21 अगस्त तक नामांकन पत्र दाखिल किये जा सकेंगे. 22 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जिसके बाद प्रत्याशी आगामी 25 अगस्त तक अपने नाम वापस ले सकेंगे. नाम वापसी के बाद एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहने की स्थिति में आगामी 9 सितंबर को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मतदान संपन्न होगा. मतदान पूरा होने के बाद उसी दिन मतों की गिनती भी होगी, जिसके बाद चुनाव परिणाम की घोषणा भी कर दी जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने विगत 21 जुलाई की शाम अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने खुद ही एक्स एकाउंट पर अपना त्यागपत्र को शेयर करते हुए अपने इस्तीफे की जानकारी शेयर की थी, हालांकि इससे पूर्व वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंप चुके थे.



