चाकुलिया : चाकुलिया वन क्षेत्र के कालियाम गांव निवासी अनिल महतो की सोमवार सुबह हाथी के हमले से हुई मौत की घटना की सूचना पाकर विधायक समीर मोहंती ने गांव पहुंच कर मृतक के परिजनों से मिल कर घटना की जानकारी ली और सांत्वना दी. मौके पर विधायक ने वन विभाग द्वारा तत्काल उपलब्ध कराई गई 95 हजार रुपये की मुआवजा राशि मृतक की पत्नी अंजली महतो को दी. विधायक ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि वे दुःख की इस घड़ी में परिवार के साथ हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द से जल्द सरकारी प्रक्रिया पूरी कर सरकार द्वारा दी जाने वाली मुआवजे की शेष राशि भी उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे. वहीं वन विभाग की ओर से सुबह में मृतक के परिवार को इलाज के लिए 5 हजार रूपए उपलव्ध कराये गए थे. इस प्रकार परिवार को एक लाख रुपए दिये गए हैं. मौके पर मुखिया दासो हेम्ब्रम, फॉरेस्टर कल्याण महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे.




