चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के दौरे पर पहुंचे राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कांग्रेस कार्यालय पहुंच कर कार्यकर्ताओं से बात की. इसके पश्चात वे विधायक समीर मोहंती के साथ झामुमो कार्यालय पहुंचे. झामुमो कार्यालय परिसर में श्री किशोर ने पत्रकारों से बात की. इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के निर्देश पर झारखंड के सभी जिलों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष का चयन होना है. उन्होंने कहा कि आइसीसी के द्वारा वे ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं और प्रदेश के द्वारा भी तीन पर्यवेक्षक और आइसीसी के द्वारा एक पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं. जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर वे लोग हर प्रखंड में जाकर कार्यकर्ताओं से मिलकर राय ले रहे हैं कि उनके जिले में कौन बेहतर जिलाध्यक्ष हो सकता है जो ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की आवाज बनकर प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक उनकी आवाज को रखकर जन समस्याओं का समाधान कर सके और गठबंधन दल के नेताओं के साथ सामंजस्य स्थापित कर राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचने में सहयोग कर सके. मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि उन्होंने कल गुड़ाबांदा प्रखंड का दौरा किया था दौरे के क्रम में क्षेत्र में एक भी घर के बाहर या खेतों में मवेशियों को चरते नहीं देखा, तो उन्होंने राज्य सरकार की पशुधन योजना के तहत वितरण किए गए पशुओं की जानकारी दूरभाष पर जिले के उपायुक्त से ली है. पदाधिकारी ने उन्हें बताया कि विगत वर्ष लक्ष्य के अनुपात में गुड़ाबांदा प्रखंड में पशुधन योजना के तहत 0% पशुधन का वितरण हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि जिले के पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिया है कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं ताकि लोग योजना से लाभान्वित हो सकें. उन्होंने कहा कि राज्य में उग्रवाद नियंत्रित हुआ है, समाप्त नहीं हुआ.पुलिस की कार्रवाई और जन सहयोग से उग्रवाद नियंत्रित हुआ है. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में यदि प्रखंड स्तर के पदाधिकारी ग्रामीणों का सहयोग और समर्थन ना मिले तो जनता का रुख दोबारा उग्रवाद की ओर होगा. उन्होंने जिला के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विकास कार्यों में जनता का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में दोबारा उग्रवाद न पनपे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर कार्य कर रही है. आने वाले समय में क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा. उन्होंने कहा कि बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास के कार्य बेहतर ढंग से चल रहे हैं, जिसका श्रेय यहां के विधायक समीर मोहंती को जाता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि जो क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहा हो उसे आगे बढ़ाएं, तभी क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी.














