
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र के बड़ा चिड़का गांव में संजय महतो नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी कल्पना महतो पर जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल महिला को ईलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया जहां महिला का ईलाज चल रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि संजय महतो कल्पना के घर के सामने छिपा हुआ था. रात होने पर निकला और कल्पना महतो को बुलाकर एक तरफ ले गया. बातचीत करते- करते रॉड से उसके सर पर जानलेवा हमला कर दिया. इसके अलावा हाथ पैर पर भी वार किया. कल्पना का शोर सुनकर उसके परिजन और बस्ती वाले दौड़कर पहुंचे तो संजय महतो भागने लगा. उसे पकड़ लिया गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई. जहां बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संजय महतो को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
आरोपी संजय महतो के पास से घटना में प्रयुक्त रॉड बरामद कर लिया गया है. आरोपी संजय महतो के पास से एक चाकू भी मिला है. पूछताछ में पता चला कि वह अपनी पत्नी की हत्या के इरादे से ही आया था. कल्पना महतो के पुत्र आकाश महतो ने बताया कि उसके पिता मां से पैसे की मांग करते हैं. पैसा नहीं देने पर विवाद होता था. इस बार भी उसने पैसे की मांग की और नहीं देने पर आकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया. घायल महिला के भाई ने बताया कि कल्पना को संजय महतो के साथ दो बेटे आकाश महतो और विकास महतो हैं, जबकि 5 साल पहले संजय महतो ने दूसरी शादी कर ली है. पूर्व में भी मारपीट के आरोप में संजय जेल जा चुका है. कल्पना महतो 5 साल से अपने मायके में रहती है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.






