जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत लायलम पंचायत केपुनसा टोला कोलाबनी में रविवार को सुबह एक बड़ा हादसा टल गया. लगातार हो रही बारिश के कारण आदिवासी गरीब परिवार का कच्चा मकान ध्वस्त हो गया. लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचायी. हालांकि इस घटना के बाद पीड़ित विजय हांसदा का परिवार बेघर हो गया और उन्हें काफी नुकसान हुआ है. (नीचे भी पढ़े)
पीड़ित विजय हांसदा ने बताया कि भारी बारिश के कारण अचानक खपरैल का मकान गिर जाने से घर के अंदर बंधे बैल फंस गए थे. सूचना पाकर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बैलों को निकाला गया. जबकि घर के अंदर रखे राशन एवं अन्य सामान दब गए. विजय ने बताया कि घर के लोगों को जैसे ही आवाज सुनाई दी और मकान के गिरने की आशंका हुई तो सभी लोग बाहर निकल गए और देखते ही देखते मिट्टी की दीवारें छत समेत भरभरा कर गिर गई.



