चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित नारायण दास रुंगटा बालिका उच्च विद्यालय में बुधवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि प्रिय गोपाल मंडल उपस्थित थे. समारोह को संबोधित करते हुए प्रिय गोपाल मंडल ने कहा कि शिक्षा पाने का लक्ष्य केवल निजी या सरकारी विभाग में उच्च पदों पर आसीन होना नहीं है,बल्कि श्रेष्ठ समाज की रचना में सक्रिय भूमिका का निर्वहन करना है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने विद्यालय के सभी छात्राओं से कहा कि वह सभी अपने माता-पिता और गुरुओं का सम्मान करें और उनके बताएं मार्ग पर चलें. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी शिक्षित होने के साथ-साथ एक बेहतर इंसान बने तभी शिक्षा का महत्व सार्थक होगा. समारोह में इस वर्ष की मैट्रिक की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीन छात्राओं को सम्मानित किया गया. प्रथम स्थान पाने वाली छात्रा रीमा टुडू, द्वितीय स्थान पाने वाली मालती सोरेन एवं तृतीय स्थान पाने वाली सेफाली टुडू को पुरस्कार स्वरूप कप एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया. इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक समाई मांडी, सुलता कुमारी,सुभद्रा कुमारी,मुकुल पॉल,गीता बेरा,पूर्णिमा बेरा,फुनगी मुर्मू समेत अन्य उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन शिक्षक चन्दिका वर्णवाल ने किया.



