चाकुलिया: चाकुलिया के हवाई पट्टी पर ध्यान फाउंडेशन द्वारा संचालित गौशाला परिसर में पियोरसम संस्था द्वारा गोबर से निर्मित खाद निर्माण प्लांट का गुरुवार को मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक समीर मोहंती, विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी और न्यूरो सर्जन डॉ संजय कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काट कर प्लांट का उद्घाटन किया. मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक समीर मोहंती ने कहा कि पहले हम गोबर खाद का प्रयोग कर खेती करतें थे और आज पुनः इसी पद्धति से खेती करने की आवश्यकता है. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने ध्यान फाउंडेशन को धन्यवाद देते हुए कहा की इस गौशाला में 25 हजार मवेशी की सेवा कर फाउंडेशन ने भारतीय संस्कृति को संरक्षित करने का काम किया है. गौसेवा से क्षेत्र शुद्ध हुआ है. कहा की संस्था ने एक बेहतर सोच के साथ बेहतर कार्य शुरू किया है जो आने वाले समय में क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि वे सरकार के पास भी बेहतर कृषि कार्य के लिए किसानों को प्रशिक्षित करने की मांग करेंगे ताकि किसान प्रशिक्षित होकर तकनीकी पद्धति के तहत कृषि कार्य करें और आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनें.(नीचे भी पढ़े)

संस्थान किसानों को प्रशिक्षित कर दें कृषि ज्ञान: कुणाल
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि बहरागोड़ा को झारखंड की धान का कटोरा कहा जाता है. कहा की पहले चाकुलिया की पहचान राइस मिल और साबुन उद्योग थी और आज तीसरी पहचान ध्यान फाउंडेशन ने 25 हजार गौवंश की सेवा कार्य से क्षेत्र की एक अलग पहचान बनाई है. कहा की किसान तकनीकी को अपनाकर खेती कार्य करें तो फायदेमंद होगा. कहा की किसान प्रशिक्षित होकर मिट्टी की पहचान कर खेती कार्य करें. उन्होंने कहा कि संस्थान स्थानीय किसानों को नयी तकनीक का प्रशिक्षण देकर प्रशिक्षित करें ताकि किसान नयी तकनीक के माध्यम से खेती कर लाभान्वित हो सके.(नीचे भी पढ़े)
किसान रासायनिक खाद के बदले अपनाएं जैविक खाद: डॉ संजय कुमार
समारोह को संबोधित करते हुए रांची के न्यूरो सर्जन डॉ संजय कुमार ने कहा कि ऐतिहासिक कार्य ऐतिहासिक स्थल से शुरू हुआ है, इसका भी एक महत्व है. उन्होंने कहा कि चाकुलिया के गौशाला में जैविक खाद निर्माण प्लांट में गोबर से खाद तैयार होगा तो आने वाले समय में क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि किसान रसायनिक खाद के बदले जैविक खाद का प्रयोग करें इससे भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहेगी. समारोह के अंत में पियोरसम संस्था के सदस्यों ने अतिथियों को गुलदस्ता देकर सम्मानित किया. मौके पर संस्था के अरविंद त्रिपाठी, निपेन्द्र त्रिपाठी, उद्योग विभाग से अजिमा लकड़ा, संजय सिंह समेत क्षेत्र के किसान और ग्रामीण उपस्थित थे.



